

राजन सिंह चौहान
एमसीबी। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर नकेल कसने के लिए कलेक्टर डी. राहुल वेंकट के सख्त निर्देश के बाद खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) क्षेत्र के ग्राम पंचायत मलकडोल स्थित रेत खदान में छापामार कार्रवाई कर अवैध लोडिंग में लगी एक भारी-भरकम चेन माउंट मशीन और एक हाइवा को जब्त किया है।
रात के अंधेरे में चल रहा था खेल
खनिज अधिकारी दयानन्द तिग्गा ने बताया कि मलकडोल खदान से मशीन के जरिए अवैध रेत लोडिंग की निरंतर शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों की पुष्टि के लिए विभाग ने जाल बिछाया और 25 फरवरी की दरम्यानी रात खदान में दबिश दी। जांच टीम ने मौके पर एक चेन माउंट मशीन को अवैध रूप से रेत लोड करते हुए रंगे हाथों पकड़ा।
कड़ी कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज
पकड़े गए वाहनों और मशीनरी पर खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 की उपधारा (1) एवं (5) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
> “जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।”





