

राजन सिंह चौहान
चिरमिरी। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज एवं पुलिस अधीक्षक जिला एम.सी.बी. के निर्देशन में जिले भर में अवैध कारोबारों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चिरमिरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार को पुलिस ने कपूर सिंह दफाई क्षेत्र में दबिश देकर एक व्यक्ति को सट्टा खिलाते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर दी दबिश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक चिरमिरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजय सिंह द्वारा अवैध कार्यों पर अंकुश लगाने हेतु एक विशेष टीम गठित की गई थी। दिनांक 21 फरवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि कपूर सिंह दफाई छोटी बाजार स्थित पानी टंकी के पास एक व्यक्ति सट्टा पट्टी लिख रहा है।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और अरविन्द तिवारी (58 वर्ष), पिता स्वर्गीय चंद्रभान तिवारी को पकड़ा। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से सट्टा पट्टी एवं 2300 रुपये नगद बरामद किए गए।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद शनिवार को ही न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
टीम की रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी चिरमिरी उपनिरीक्षक विजय सिंह, सउनि विनय तिवारी, प्रधान आरक्षक संतोष सिंह, अशोक एक्का, चंद्रसेन राजपूत, महिला आरक्षक राजेन्द्र कुमारी एवं अनिता मरकाम का विशेष योगदान रहा।




