

राजन सिंह चौहान
चिरमिरी। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह के निर्देशानुसार चलाई जा रही मुहिम में चिरमिरी पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपी को 35 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी आबकारी एक्ट के तीन मामले दर्ज हैं।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
मिली जानकारी के अनुसार, नगर पुलिस अधीक्षक चिरमिरी श्रीमती दीपिका मिंज के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजय सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। गुरुवार को मुखबिर से सूचना मिली कि सड़क दफाई हल्दीबाड़ी निवासी राजू पनिका पिता जोतराम पनिका (35 वर्ष), पीले रंग के झोले में अवैध शराब लेकर बिक्री करने हेतु केरिंया कालरी की ओर जा रहा है।
घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी

सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने सड़क दफाई हीरागिर तिराहा के पास घेराबंदी की। इस दौरान दो व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगे, जिनमें से एक को पुलिस ने दौड़कर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद झोले से 35 नग प्लास्टिक पाउच बरामद हुए। प्रत्येक पाउच में एक-एक लीटर कच्ची महुआ शराब भरी थी। जब्त शराब की कुल मात्रा 35 लीटर और अनुमानित कीमत 7,000 रुपये बताई गई है।
पुराना अपराधी है राजू पनिका
पुलिस ने बताया कि आरोपी राजू पनिका आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ पूर्व में भी आबकारी विभाग द्वारा तीन अलग-अलग आपराधिक प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
देखिए वीडियो
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक विजय सिंह, प्रधान आरक्षक भरत सिंह, अशोक एक्का, संतोष सिंह, आरक्षक चंद्रसेन राजपूत, हाफिज कुरैशी, मदन राजवाड़े, महिला सैनिक लेया प्रजापति और म.आर. राजेन्द्र कुमारी का विशेष योगदान रहा।




