Latest Newsकोरियाछत्तीसगढ़बिलासपुरमहासमुंदरायगढ़रायपुरसरगुजाहोम

एमसीबी जिले में गणतंत्र दिवस की धूम: राज्यसभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह ने फहराया तिरंगा, दिखी देशभक्ति की अनूठी झलक

राजन सिंह चौहान

मनेंद्रगढ़ | मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में 77वां गणतंत्र दिवस राष्ट्रभक्ति, गौरव और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित आमाखेरवा ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में राज्यसभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली।

मुख्य कार्यक्रम और परेड का आकर्षण

ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान की गूंज के साथ आसमान में रंगीन गुब्बारे छोड़े गए, जो देश की प्रगति और स्वतंत्रता का संदेश दे रहे थे। सांसद श्री सिंह ने कलेक्टर डी. राहुल वेंकट और पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह के साथ परेड का निरीक्षण किया।

परेड में जिला पुलिस बल, नगर सेना, एनसीसी, एनएसएस और स्काउट-गाइड की टुकड़ियों ने शानदार मार्चपास्ट किया

 * विजेता टुकड़ियाँ: * प्रथम: जिला पुलिस बल (महिला) एवं जूनियर एनसीसी।

   * द्वितीय: 18वीं बटालियन (सीनियर प्लाटून) और जूनियर गाइड/स्काउट्स।

   * तृतीय: सहायक उप निरीक्षक (जिला एमसीबी)।

मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन

मुख्य अतिथि ने जिलेवासियों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जनता के नाम संदेश पढ़ा। उन्होंने संविधान की गरिमा, सामाजिक समरसता और छत्तीसगढ़ के विकास मॉडल पर प्रकाश डालते हुए नागरिकों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन

स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। व्यायाम प्रदर्शन और देशभक्ति नृत्यों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।

 * सांस्कृतिक प्रतियोगिता के परिणाम:

   * प्रथम: एकेडमी हाइट्स पब्लिक स्कूल, तेंदुडांड।

   * द्वितीय: सेजस स्कूल, मनेंद्रगढ़।

   * तृतीय: हाई स्कूल टी संवर्ग एवं सरस्वती विकास विद्यालय।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले सम्मानित

समारोह के दौरान विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट सेवा देने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन संजय श्रीवास्तव एवं श्रीमती वीरांगना श्रीवास्तव ने किया।

उपस्थिति: इस गरिमामय अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अंकिता सोम, डीएफओ मनीष कश्यप, अपर कलेक्टर अनिल कुमार सिदार, प्रशासनिक अधिकारी, अर्द्धसैनिक बलों के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक व मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।

 जिले के अन्य शासकीय व अर्धशासकीय संस्थानों में भी तिरंगा शान से फहराया गया और विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कलेक्ट्रेट परिसर में 77 वां गणतंत्र दिवस गरिमामय रूप से संपन्न

कलेक्टर डी. राहुल वेंकट ने फहराया तिरंगा, संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने का किया आह्वान

कलेक्ट्रेट परिसर में भव्य, गरिमामय एवं राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी डी. राहुल वेंकट रहे, जिन्होंने प्रातः विधिवत रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सामूहिक रूप से राष्ट्रगान किया। ध्वजारोहण के पश्चात कलेक्टर डी. राहुल वेंकट ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छायाचित्र तथा कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा एवं छायाचित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और उनके आदर्शों को नमन किया। इस दौरान पूरा परिसर “भारत माता की जय” और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा, जिससे वातावरण पूर्णतः राष्ट्रमय हो गया।

इस अवसर पर कलेक्टर श्री वेंकट ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 77 वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हम सभी भारतीयों के लिए गौरव, सम्मान और आत्ममंथन का दिन है। यह दिवस हमें देश को दिशा देने वाले संविधान के आदर्शों, मूल्यों एवं कर्तव्यों को स्मरण करने के साथ-साथ उन्हें अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा देता है।

कलेक्टर ने कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए यह संकल्प लेने का अवसर है कि हम ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा जिले, राज्य और राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन की वास्तविक सफलता तभी संभव है, जब प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ जनता की सेवा करे और शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध रहे। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पारदर्शिता, अनुशासन एवं समयबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल कार्यों का निष्पादन करना नहीं, बल्कि जनविश्वास को सुदृढ़ करना और नागरिकों में भरोसा कायम रखना भी है।

इस गरिमामय समारोह में अपर कलेक्टर अनिल कुमार सिदार, अपर कलेक्टर श्रीमती नम्रता डोंगरे, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती इंदिरा मिश्रा सहित कलेक्ट्रेट परिसर के सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने संविधान, राष्ट्र और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी निष्ठा दोहराई।

Related Articles

Back to top button