

राजन सिंह चौहान
चिरमिरी,खड़गवां। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में सार्वजनिक स्टेट हाईवे पर एक कार के बोनट पर केक काटकर और खतरनाक तरीके से आतिशबाजी करते हुए जन्मदिन मनाना छह युवकों को महंगा पड़ गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और घटना में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया है।
वायरल वीडियो ने खोली पोल
पुलिस को दिनांक 28.10.25 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित एक वीडियो के माध्यम से सूचना मिली थी। इस वीडियो में अटल चौक, खड़गवां के पास बिलासपुर-चिरमिरी स्टेट हाईवे पर एक सफेद रंग की कार को बीच सड़क पर रोककर कुछ युवक आतिशबाजी कर रहे थे और कार के बोनट पर केक काटकर जन्मदिन मना रहे थे। जांच में पाया गया कि यह घटना दिनांक 27.10.25 को रात्रि करीब 8 बजे हुई थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुई कार्रवाई
मामले की गंभीरता और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे को देखते हुए, पुलिस अधीक्षक एमसीबी श्रीमती रत्ना सिंह (भा०पु०से०) के दिशा-निर्देशों एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमति दीपिका मिंज के मार्गदर्शन में त्वरित एक्शन लिया गया।
- थाना प्रभारी विजय सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी संग्राम गुप्ता (निवासी खड़गवां) के विरुद्ध अपराध क्रमांक 223/25 के तहत धारा 288 (उतावलापन), 285 (लापरवाही से आग) और 190 बी.एन.एस. के साथ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 117 व 122 के तहत मामला दर्ज किया।
देखिए वीडियो
आरोपियों ने स्वीकारा अपराध
विवेचना के दौरान, आरोपी संग्राम गुप्ता ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने अपने अन्य साथियों प्रकाश सिंह कुशवाहा, नियाज खांन, सद्दाम अहमद, माखनलाल, और राहुल विश्वकर्मा (सभी निवासी खड़गवां) के साथ मिलकर स्टेट हाईवे पर अपनी मारुति स्विफ्ट कार (CG 16 CQ 0865) के बोनट पर केक काटा और पटाखे फोड़कर जन्मदिन मनाया था।
कार जब्त, सभी आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने अपराध स्वीकारोक्ति के बाद, दिनांक 29.10.25 को घटना में प्रयुक्त मारुति स्विफ्ट कार को जब्त कर लिया और सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की खतरनाक और लापरवाहीपूर्ण हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




