

राजन सिंह चौहान
सरगुजा। सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा ने कार्यालय सभाकक्ष में रेंज स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की। इस बैठक में रेंज के विभिन्न जिलों से आए नोडल अधिकारियों के साथ लंबित शिकायत प्रकरणों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा तथा विभिन्न जिलों के पुलिस अधिकारी
बैठक में आवेदकों से प्राप्त स्थानीय शिकायतें, जनता विरुद्ध शिकायत एवं पुलिस मुख्यालय द्वारा प्रेपित शिकायत पत्रों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान पाया गया कि कई जिलों में स्थानीय शिकायतें लंबे समय से लंबित हैं।
-
इस पर आइजी झा ने नाराजगी जाहिर करते हुए स्पष्ट कहा कि यदि कोई पीड़ित व्यक्ति आवेदन लेकर आपके पास आता है तो उसका आवेदन गंभीरता से लेकर समय पर जांच की जानी चाहिए। प्रत्येक पीड़ित को न्याय दिलाना ही पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। शिकायतों के शीघ्र निराकरण से आम जनता का पुलिस पर विश्वास और मजबूत होगा।
आइजी ने यह भी निर्देश दिए कि वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त शिकायत प्रकरणों पर समय सीमा का पालन करते हुए कार्रवाई अनिवार्य रूप से की जाए।
उन्होंने कहा कि गंभीर व महत्वपूर्ण प्रकरणों का निपटारा समय पर नहीं होने से जनसामान्य के बीच नकारात्मक संदेश जाता है। अतः सभी नोडल अधिकारी लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण करें।
बैठक के दौरान सरगुजा, बलरामपुर, कोरिया, जशपुर, सूरजपुर एवं मनेंद्रगढ़ चिरमिरी- भरतपुर ( एमसीबी) जिले के अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा अमोलक सिंह ढिल्लों, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विश्व दीपक त्रिपाठी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरिया पंकज पटेल, उप पुलिस अधीक्षक जशपुर मंजूलता बाज, उप पुलिस अधीक्षक सूरजपुर महालक्ष्मी कुलदीप,उप पुलिस अधीक्षक एमसीबी तरसीला टोप्पो सहित कार्यालय के शिकायत शाखा प्रभारी सम्मिलित हुए।
बैठक के अंत में आइजी सरगुजा रेंज ने सभी अधिकारियों को दोहराया कि लंबित प्रकरणों की प्राथमिकता सूची तैयार कर प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करें। प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें। आवेदकों को उनके प्रकरणों की स्थिति की समुचित जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराएं।




