

राजन सिंह चौहान
चिरमिरी। एसईसीएल (SECL) चिरमिरी क्षेत्र में विगत कुछ महीनों में हुई दुर्घटनाओं को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए जिला पुलिस कप्तान रत्ना सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ने चिरमिरी ओपन कास्ट माइन का औचक और सघन निरीक्षण किया। उन्होंने प्रबंधन को स्पष्ट चेतावनी दी कि खदान सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आउटसोर्सिंग और डिपार्टमेंटल पैच का गहन निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान एसपी रत्ना सिंह ने खदान के आउटसोर्सिंग और डिपार्टमेंटल दोनों पैच का बारीकी से भ्रमण किया। उन्होंने उत्खनन (Excavation) कार्य के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा मापदंडों की जमीनी हकीकत परखी। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि खनन के दौरान किस तरह की सावधानियां बरती जा रही हैं और कमियों को तत्काल सुधारने के निर्देश दिए।
पुलिस और SECL के बीच समन्वय आवश्यक
पुलिस कप्तान ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि खदान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस विभाग और एसईसीएल प्रबंधन के बीच बेहतर तालमेल होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों और क्षेत्र की सुरक्षा सर्वोपरि है, और इसके लिए दोनों विभागों को संयुक्त जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा।
ये अधिकारी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण सुरक्षा समीक्षा के दौरान थाना प्रभारी चिरमिरी विजय सिंह, उप क्षेत्रीय प्रबंधक मनीष कुमार सिंह, खान प्रबंधक जोष कुमार, खान सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार पाण्डेय, आउटसोर्सिंग इंचार्ज राजेंद्र, तथा कृष्णा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रा. लि. के प्रोजेक्ट मैनेजर अनिल कुमार श्रीवास्तव एवं प्रभारी शिवानंद पटेल उपस्थित रहे।



